रुड़की, 29 अप्रैल रुड़की स्थित क्वांटम विश्वविद्यालय में 28 और 29 अप्रैल 2026 को आयोजित दो दिवसीय “श्री अटल बिहारी वाजपेयी अखिल भारतीय युवा संसद एवं मॉडल यूनाइटेड नेशंस” के चौथे संस्करण का सफल समापन हुआ। इस भव्य आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नीतिगत समझ तथा समालोचनात्मक चिंतन को विकसित करना रहा। दो दिनों तक चले इस कार्यक्रम में विभिन्न पृष्ठभूमियों से आए करीब 150 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ 28 अप्रैल को राष्ट्रगान एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसने आयोजन को सांस्कृतिक एवं गरिमामय स्वरूप प्रदान किया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय राजनीतिज्ञ एवं उत्तराखंड के राज्यसभा सांसद, नरेश बंसल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति है और ऐसे मंच उन्हें न केवल अपनी बात रखने का अवसर देते हैं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा भी दिखाते हैं। लोकतंत्र की मजबूती विचारों के आदान-प्रदान और सकारात्मक संवाद से ही संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय नागरिक बनने का आह्वान किया।
उद्घाटन सत्र में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विवेक कुमार ने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहने और विचारों की स्वतंत्र अभिव्यक्ति को सशक्त बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच युवाओं में नेतृत्व, संवाद और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करते हैं। इसके बाद क्वांटम स्कूल ऑफ बिजनेस के निदेशक प्रो. (डॉ.) मनीष श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में तार्किक विश्लेषण, नीतिगत समझ एवं वैश्विक दृष्टिकोण को सुदृढ़ करते हैं।
दो दिनों तक चले इस आयोजन के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न समितियों, लोकसभा सत्र, अखिल भारतीय राजनीतिक दल बैठक, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद, संयुक्त राष्ट्र महासभा तथा अंतरराष्ट्रीय प्रेस में विभाजित किया गया। इन सत्रों में प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए समकालीन राष्ट्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। लोकसभा सत्र में विशेष रूप से श्रम कानूनों पर सार्थक चर्चा हुई, जबकि अन्य समितियों में वैश्विक नीतिगत विषयों पर गहन संवाद देखने को मिला।
इस कार्यक्रम का समापन 29 अप्रैल को उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जहां प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और इस मंच को अपने व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस क्रायक्रम के सफल संयोजन में कार्यक्रम के समन्वयक विधि विभाग के सहायक प्राध्यापक अर्जुन, विभागाध्यक्ष डॉ अखिलेश यादव, सहायक प्राध्यापक शांतनु शेखर, निशांत कुमार, आदित्य तोमर, स्वर्णिम चौधरी एवं अदिति मिश्रा ने महत्वतपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में क्वांटम स्कूल ऑफ़ बिज़नेस के निदेशक प्रो. (डॉ.) मनीष श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाध्यक्ष अजय गोयल, बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट एवं ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य शोभित गोयल, कुलसचिव डॉ. अमित दीक्षित, क्वांटम स्कूल ऑफ टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉ. बृज मोहन सिंह, डीन अकादमिक डॉ. सत्येंद्र कुमार, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट हेड डॉ. पुष्पेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारीगण, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।