भगवानपुर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम हकीमपुर और हलजोरा के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही एक बड़ी समस्या का आखिरकार समाधान हो गया है। राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने क्षेत्र का दौरा कर नवनिर्मित विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। इन विकास कार्यों के पूरा होने और आधुनिक सुविधाओं के तैयार होने से क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। हकीमपुर और हलजोरा गांव के श्मशान घाटों में छतरी (शेड) न होने के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से
भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बरसात के मौसम में अंतिम संस्कार के समय बारिश का पानी भर जाने से शवदाह करने और वहां खड़े होने में लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। ग्रामीणों ने इस गंभीर समस्या से निजात पाने के लिए सांसद महोदय को एक मांग पत्र सौंपकर यहां छतरी निर्माण और इंटरलॉकिंग टाइल्स मार्ग बनवाने की गुहार लगाई थी। सांसद ने अपने कोटे से बजट स्वीकृत कराया, जिससे आज यह कार्य धरातल पर पूरा हो सका है।ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं देना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता: डॉ. कल्पना सैनी
निरीक्षण के दौरान राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का मजबूत विकास करना और जनता की समस्याओं का समय पर निस्तारण करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान ग्रामीणों ने सांसद की इस त्वरित कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए उनका तहे दिल से धन्यवाद किया।