ADM दीपेंद्र सिंह नेगी 32 वर्ष की सेवा के बाद सेवानिवृत्त,

ADM दीपेंद्र सिंह नेगी 32 वर्ष की सेवा के बाद सेवानिवृत्त, विदाई पर छलकीं आंखें
  1. हरिद्वार
    जिला मुख्यालय के सभागार में शनिवार को अपर जिलाधिकारी (ADM) दीपेंद्र सिंह नेगी के सम्मान में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। 32 वर्षों तक प्रशासनिक सेवाओं में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने के बाद श्री नेगी शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए। इस दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
    विदाई समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि दीपेंद्र सिंह नेगी सौम्य और सरल स्वभाव के व्यक्तित्व हैं। उन्होंने अपने पूरे सेवाकाल के दौरान बेहद कुशलता और ईमानदारी से अपने दायित्वों को निभाया। जिलाधिकारी ने कहा कि अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को नेगी जी की कार्यशैली से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने मां गंगा से उनके सुखद और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की।
    मुख्य विकास अधिकारी (CDO) ललित नारायण मिश्रा ने भी श्री नेगी के कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि 32 साल की लंबी सेवा को बिना किसी बाधा के और पूरी निपुणता के साथ पूर्ण करना अपने आप में एक उपलब्धि है। इस दौरान एडीएम प्रशासन पी.आर. चौहान, एचआरडीए सचिव मनीष कुमार और नगर मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान ने भी अपने विचार साझा किए और श्री नेगी के साथ बिताए गए कार्यकालों को याद किया।
    कार्यक्रम का संचालन प्रशासनिक अधिकारी नवीन मोहन ने किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा, मुख्य कोषाधिकारी अजय कुमार, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी और मुख्य वैयक्तिक अधिकारी सुदेश कुमार सहित जिला कार्यालय के तमाम अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *