
हरिद्वार।विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में बनाए गए मुख्य यात्री पंजीकरण केंद्र पर शनिवार को पंजीकरण के नौवें दिन भी यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। विभिन्न राज्यों से आए 3539 यात्रियों ने चारों धामों के दर्शन के लिए अपना पंजीकरण सुनिश्चित कराया। शनिवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, यात्रियों में बाबा केदार और बद्री विशाल के दर्शनों को लेकर सबसे ज्यादा होड़ दिखी। केदारनाथ धाम के लिए 980 और बद्रीनाथ धाम के लिए 987 यात्रियों ने पंजीकरण कराया। वहीं, गंगोत्री के लिए 789 और यमुनोत्री के लिए 783 श्रद्धालुओं ने लाइन में लगकर अपना कार्ड बनवाया। हालांकि, हेमकुंड साहिब के लिए आज पंजीकरण का खाता नहीं खुला। पंजीकरण केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, ऋषिकुल मैदान केंद्र से यात्रा शुरू होने के नौ दिनों के भीतर अब तक कुल 22,908 श्रद्धालु अपना पंजीकरण करा चुके हैं। पंजीकरण केंद्र पर उमड़ रही भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के कड़े इंतजाम किए हैं। धर्मनगरी में राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों से यात्री पहुँच रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि पंजीकरण की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। प्रशासन लगातार यात्रियों से अपील कर रहा है कि वे अपना पंजीकरण कराकर ही यात्रा पर आगे बढ़ें, ताकि उन्हें मार्गों पर किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।