भगवानपुर। विकासखंड भगवानपुर का मुख्य गेट इन दिनों अतिक्रमण की चपेट में है। गेट के ठीक सामने सब्जी और फल विक्रेताओं ने अपने ठेले जमा लिए हैं, जिससे ब्लॉक में प्रवेश करने वाले आम नागरिकों, कर्मचारियों और अधिकारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अतिक्रमण कोई नया नहीं है, बल्कि लंबे समय से चला आ रहा है। आरोप है कि विकासखंड अधिकारियों की मिलीभगत और कथित हफ्तावसूली के कारण ही इन ठेली वालों को यहाँ खुली छूट मिली हुई है। लोगों का कहना है कि ब्लॉक परिसर में कामकाज के लिए आने वालों को ठेलों की भीड़ और गेट बंदी जैसी स्थिति का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि विकासखंड परिषद जनता की सुविधा के लिए बना है, लेकिन अब वहाँ प्रवेश करना भी मुश्किल हो गया है। “गेट पर इतनी भीड़ और अतिक्रमण रहता है कि महिला और बुजुर्ग तो अंदर तक पहुँच ही नहीं पाते। अधिकारी जानते हुए भी अनदेखी कर रहे हैं,” एक ग्रामीण ने गुस्से में कहा।
इस मामले पर प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई अब तक सामने नहीं आई है। हालांकि, “जल्द ही अभियान चलाकर गेट के सामने से ठेले हटाए जाएं।”
लोगों की माँग है कि प्रशासन तुरंत सख्त कदम उठाए और ब्लॉक गेट को ठेली-खोमचे वालों से मुक्त कराए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।