भगवानपुर में सत्यापन अभियान: 13 मकान मालिकों पर 1.30 लाख का जुर्माना

भगवानपुर (हरिद्वार)। क्षेत्र में बिना सत्यापन के बाहरी प्रदेशों से आए लोगों को शरण देना अब मकान मालिकों को भारी पड़ने लगा है। एसएसपी हरिद्वार के आदेश पर सोमवार को भगवानपुर पुलिस ने सघन सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 13 मकान मालिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 1 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।’ कोतवाली प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने हल्का पुहाना और आसपास के क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान क्षेत्र में रह रहे बाहरी मजदूरों, फड़-ठेली संचालकों और गुड़ चर्खी में काम करने वाले कर्मचारियों के दस्तावेजों की जांच की गई। पुलिस ने मौके पर ही करीब 120 व्यक्तियों का सत्यापन किया। अभियान के दौरान पाया गया कि कई मकान मालिकों ने बिना पुलिस सत्यापन के ही बाहरी राज्यों के लोगों को कमरे किराये पर दे रखे थे। पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए 13 मकान मालिकों के विरुद्ध पुलिस एक्ट की धारा-83 के तहत कार्रवाई की। प्रत्येक मकान मालिक पर 10-10 हजार रुपये (कुल 1.30 लाख) का कोर्ट चालान कर रिपोर्ट माननीय न्यायालय को प्रेषित की गई है।
SSP के निर्देश पर जारी रहेगा अभियान पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा की दृष्टि से बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अनिवार्य है। एसएसपी हरिद्वार के निर्देशानुसार यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को किराये पर रखने या काम पर रखने से पहले उसकी सूचना संबंधित थाने में अवश्य दें, अन्यथा सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *