हरिद्वार। प्रदेश सरकार के कार्यकाल के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में ‘जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल’ थीम के तहत भव्य कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। 23 मार्च से 25 मार्च तक चलने वाले इन कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विकास भवन सभागार में अहम बैठक संपन्न हुई। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) ललित नारायण की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में उत्सव को जन-उत्सव बनाने की रणनीति बनाई गई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद का मुख्य कार्यक्रम 23 मार्च को ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। इसके बाद कार्यक्रमों की कमान ब्लॉकों के पास होगी:
* 24 मार्च: नारसन, भगवानपुर और खानपुर ब्लॉक में कार्यक्रम।
* 25 मार्च: लक्सर, रुड़की और बहादराबाद ब्लॉक में आयोजन।
सीधे जनता तक पहुंचेंगी योजनाएं मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण ने बताया कि इन आयोजनों का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को केवल गिनाना नहीं, बल्कि पात्र लाभार्थियों को मौके पर लाभान्वित करना है। इसके लिए कार्यक्रम स्थलों पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर और दिव्यांगजनों के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। उत्सव के दौरान पूरे जनपद में नगर निगम, नगर पालिका, तहसील और ग्राम पंचायत स्तर पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा मैराथन दौड़, खेलकूद प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे। मुख्य कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री और मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि जनता को संबोधित करेंगे।
बैठक में जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, सहायक परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, एसीएमओ डॉ. अनिल वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी अमित चन्द, मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.के. चंद, जिला क्रीड़ा अधिकारी शबाली गुरांग और महाप्रबंधक उद्योग उत्तम कुमार तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।