भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-73 पर अंडरपास और एलिवेटेड ब्रिज के निर्माण की मांग को लेकर विधायक ममता राकेश ने जिलाधिकारी को पत्र देकर रोष प्रकट किया कि बार-बार संज्ञान में लाने के बावजूद अभी तक इस दिशा में कोई कार्यवाही नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाईवे के कारण क्षेत्र की जनता दो हिस्सों में बंट गई है और रोजाना हो रहे हादसों से कोहराम मचा है विधायक ममता राकेश ने डीएम को अवगत कराया कि हाईवे के एक तरफ मुख्य आबादी है, जबकि दूसरी ओर महाविद्यालय, इंटर कॉलेज, पुलिस थाना, और कब्रिस्तान स्थित हैं। हाईवे अथॉरिटी द्वारा बीच की क्रॉसिंग बंद किए जाने से छात्रों,और बुजुर्गों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। पत्र में विधायक ने कहा कि क्रॉसिंग न होने के कारण स्थानीय निवासियों को महज दूसरी ओर जाने के लिए 3 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ता है। इस मजबूरी में लोग अक्सर गलत दिशा से वाहन निकालते हैं, जो जानलेवा साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि हाईवे पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, विधायक ने बताया कि इस संबंध में पहले भी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री को पत्र भेजा जा चुका है, जिसकी प्रति डीएम को भी सौंपी गई है। स्थानीय जनता लगातार अंडरपास की मांग कर रही है, लेकिन विभागीय सुस्ती के चलते काम अटका हुआ है।वर्तमान स्थिति को देखते हुए विधायक ने स्पष्ट किया कि बिना एलिवेटेड ब्रिज या अंडरपास के जनता की सुरक्षा संभव नहीं है। भगवानपुर की जनता की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। शिक्षा, सुरक्षा और धार्मिक कार्यों के लिए लोगों को अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ रही है। यदि जल्द ही एलिवेटेड ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो जनता के हितों के लिए आंदोलन किया जाएगा।
भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-73 पर अंडरपास और एलिवेटेड ब्रिज के निर्माण की मांग जिलाधिकारी से मिली ममता राकेश विधायक