धीरमजरा में नाली के विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे चले; एक युवक गंभीर

धीरमजरा में नाली के विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे चले; एक युवक गंभीर

भगवानपुर।भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत धीरमजरा गांव में रविवार की सुबह नाली के पानी को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे निकल आए। इस खूनी संघर्ष में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह धीरमजरा गांव में दो पक्षों के बीच नाली के पानी की निकासी को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। शुरुआती तकरार ने जल्द ही बड़े विवाद का रूप ले लिया। शोर-शराबा सुनकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया।इस मारपीट में शुभम, निवासी धीरमजरा, बुरी तरह जख्मी हो गया। शुभम के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। आनन-फानन में ग्रामीणों ने ‘108’ एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को सिविल अस्पताल रुड़की ले जाया गया। डॉक्टरों का कहना है घायल शुभम की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। उसे प्राथमिक उपचार दिया गया है, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों पक्षों की तरफ से दर्जनों आदमी घायल हो गए
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *