
हरिद्वार। जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर पूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को रेलवे स्टेशन के समीप विभिन्न होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर की गई छापेमारी के दौरान टीम ने 05 घरेलू सिलेंडर जब्त किए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का कमर्शियल इस्तेमाल किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वे पूरे जनपद में निरंतर छापेमारी अभियान चलाएं और नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि भारत सरकार के प्राकृतिक गैस (आपूर्ति विनियमन) आदेश 2026 के अनुपालन में टीम ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र में आकस्मिक चेकिंग की। इस दौरान:
* कुल जब्त सिलेंडर: 05 (14.2 किलोग्राम श्रेणी)
* विवरण: 01 इंडेन और 04 भारत गैस के सिलेंडर पाए गए।
इन सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था, जिसके बाद इन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
41 नोडल अधिकारी संभालेंगे मोर्चा
गैस वितरण और उपयोग की निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिले की 41 गैस एजेंसियों के लिए 41 नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। ये अधिकारी नियमित रूप से गैस एजेंसियों का निरीक्षण करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि प्राकृतिक गैस, एलपीजी या सीएनजी का वितरण पारदर्शी तरीके से हो रहा है।